पब्लिक स्वर,कोंडागांव। कोंडागांव जिले के केशकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ एक डॉक्टर पर शराब के नशे में ड्यूटी करने और मरीजों के साथ दुर्व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में मरीज के परिजनों की लिखित शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, वहीं स्वास्थ्य विभाग भी विभागीय कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।
जानकारी के अनुसार, केशकाल अस्पताल में पदस्थ डॉ. शैलेंद्र भोयर पर आरोप है कि वे शराब के नशे में अस्पताल पहुंचे और मरीजों का उपचार करने से इंकार करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने मरीज के परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
इलाज कराने पहुंचे थे पिता, डॉक्टर पर अभद्रता का आरोप
मरीज के बेटे वसीम मेमन ने बताया कि वे अपने बीमार पिता का इलाज कराने सुबह अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने डॉक्टर से जांच और उपचार करने का अनुरोध किया, लेकिन डॉक्टर ने इलाज करने के बजाय उनसे बहस शुरू कर दी। आरोप है कि डॉक्टर ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और हाथ उठाने का प्रयास भी किया।
वसीम ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने इसकी जानकारी स्थानीय पत्रकारों और केशकाल के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) को दी। सूचना मिलने पर जब पत्रकार अस्पताल पहुंचे, तब भी डॉक्टर का व्यवहार विवादित रहा और उन्होंने कैमरे के सामने पत्रकारों के साथ भी हाथापाई करने की कोशिश की।
स्टाफ नर्स का दावा- पहले भी आती रही हैं शिकायतें
अस्पताल की स्टाफ नर्स ने भी डॉक्टर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि डॉक्टर अक्सर शराब के नशे में अस्पताल आते हैं। अस्पताल स्टाफ ने कई बार उन्हें समझाने का प्रयास किया और वरिष्ठ अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। नर्स के अनुसार, इससे पहले भी मरीजों और उनके परिजनों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है।
पहले भी मिल चुका है नोटिस
केशकाल के बीएमओ डॉ. डीके बिसेन ने स्वीकार किया कि डॉक्टर भोयर के खिलाफ पहले भी नशे की हालत में ड्यूटी करने की शिकायतें मिल चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में डॉक्टर को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उसके बाद भी उनके व्यवहार में सुधार नहीं आया। बीएमओ ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। पुलिस अपनी जांच कर रही है और विभागीय स्तर पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद हो सकती है सख्त कार्रवाई
मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और अस्पतालों में अनुशासन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सरकारी अस्पताल में मरीजों के इलाज के दौरान इस तरह की लापरवाही और कथित नशे की हालत में ड्यूटी करने के आरोपों को गंभीर माना जा रहा है। पुलिस जांच और विभागीय रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टर के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
फिलहाल वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के आरोपों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

User 1












