पब्लिक स्वर,सक्ती। सक्ती जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र अंतर्गत लवसरा गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां खेलते-खेलते तालाब में डूबने से दो जुड़वा बहनों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 6 वर्षीय दीप्ति गोंड और दिव्या गोंड रविवार सुबह करीब 9:30 बजे अपने घर के पास खेल रही थीं। खेल के दौरान दोनों बच्चियां अनजाने में घर के समीप स्थित तालाब की ओर पहुंच गईं। आशंका जताई जा रही है कि फिसलन या असावधानी के चलते दोनों बच्चियां गहरे पानी में चली गईं, जहां डूबने से उनकी मौत हो गई।
घटना के समय आसपास किसी वयस्क की मौजूदगी नहीं थी, जिसके कारण समय रहते उन्हें बचाया नहीं जा सका। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने तालाब में दोनों बच्चियों के शव तैरते हुए देखे। यह दृश्य देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल स्थानीय लोगों ने दोनों को पानी से बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चियों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक व्याप्त हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बाराद्वार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटनावश डूबने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस द्वारा पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

User 1













