पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में एक गंभीर आपराधिक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और एक होटल मैनेजर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाए, उसका वीडियो रिकॉर्ड किया और बाद में उसे पीड़िता के परिजनों को भेज दिया। घटना 26 अप्रैल 2026 की है, जब पीड़िता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के अनुसार, आरोपी टोनी ध्रुव उर्फ मुन्नू ने युवती को जी.ई. रोड स्थित एक होटल में ले जाकर अपने परिचित होटल मैनेजर की मदद से बिना वैध पहचान पत्र के कमरा लिया। वहां उसने युवती के साथ संबंध बनाए और इसका वीडियो भी बनाया। बाद में आरोपी ने वीडियो को पीड़िता के परिवारजनों को भेज दिया और शादी करने से इंकार कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 75/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी टोनी ध्रुव और होटल मैनेजर नितेश कुमार खुंटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। जांच में सामने आया कि होटल मैनेजर ने नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना आईडी प्रूफ के कमरा उपलब्ध कराया, जिससे अपराध को अंजाम देने में मदद मिली। इस आधार पर उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस कमिश्नरेट ने इस मामले के बाद शहर के सभी होटल, लॉज और गेस्ट हाउस संचालकों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि हर ग्राहक का वैध पहचान पत्र लेना और उसका रिकॉर्ड रखना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने या अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई, यहां तक कि लाइसेंस निरस्तीकरण तक किया जा सकता है।

User 1











