पब्लिक स्वर,बालोद। बालोद जिले के बालोद कोतवाली थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने बकरियों पर हमला कर दिया। इस हमले में 10 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बुजुर्ग चरवाहे का रोते-बिलखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, रानीतराई निवासी बुजुर्ग निर्मल यादव मंगलवार को अपनी पत्नी के साथ रोज की तरह बकरियों को चराने जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान 20 से अधिक आवारा कुत्तों का झुंड अचानक वहां पहुंचा और बकरियों पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि दंपती कुछ समझ पाते उससे पहले ही कुत्तों ने बकरियों को नोच-नोचकर मार डाला। इस दौरान कुत्तों ने दोनों को भी दौड़ा लिया, जिससे उन्हें जान बचाकर भागना पड़ा।
हमले के बाद मौके पर बकरियों की लाशें बिखरी पड़ी थीं। अपनी आंखों के सामने बकरियों को मरा देख निर्मल यादव फूट-फूटकर रोने लगे। उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि बकरी पालन ही निर्मल यादव के परिवार की मुख्य आजीविका है। इस घटना में करीब 1 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पीड़ित ने शासन-प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

User 1













