अवैध बोर खनन पर पुलिस की कार्रवाई, रिश्वत के आरोपों से गरमाया मामला



post

पब्लिक स्वर, बिलासपुर। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद देर रात खेत में चल रहे अवैध बोर खनन का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से दो बोरवेल मशीन जब्त की हैं। हालांकि, कार्रवाई के बाद रिश्वत मांगने के आरोपों वाला एक वीडियो सामने आने से मामला विवादों में आ गया है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात पेट्रोलिंग टीम को ग्राम बिजौर के एक खेत में अवैध बोर खनन की सूचना मिली थी। टीम जब मौके पर पहुंची, तो वहां दो बोरवेल मशीनों से काम चल रहा था। पुलिस ने खनन से संबंधित अनुमति दस्तावेज मांगे, लेकिन मौके पर मौजूद लोग संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। एक व्यक्ति ने गाड़ी खड़ी करने की बात कहकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की।

कार्रवाई के दौरान दोनों मशीनों को जब्त कर थाने लाया गया। इसी बीच, बिल्हा निवासी धर्मेंद्र पात्रे नामक व्यक्ति सामने आया, जिसने खुद को पत्रकार बताते हुए पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की। उसने दावा किया कि वह बिल्हा प्रेस क्लब से जुड़ा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी प्रदीप आर्या ने तत्काल तहसीलदार को सूचना दी। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध खनन के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

इसी बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें एक युवक पुलिस पर 1.5 लाख रुपए की मांग करने का आरोप लगाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। थाना प्रभारी का कहना है कि कार्रवाई से बचने के लिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं और पुलिस की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि जब्त की गई गाड़ियां बाहरी राज्यों से संबंधित हैं। एक वाहन पर तमिलनाडु (TN 34 AD 1717) और दूसरे पर कर्नाटक (KA 01 MU 5590) का पंजीयन नंबर दर्ज है। फिलहाल, इन वाहनों और मशीनों के वास्तविक मालिकों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोरवेल और अन्य भारी मशीनें कम लागत पर दूसरे राज्यों से लाकर स्थानीय स्तर पर उपयोग में लाई जा रही हैं। प्रशासन अब इस नेटवर्क की भी जांच कर सकता है। फिलहाल, पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और आगे की जांच जारी है। यह घटना अवैध खनन, बाहरी मशीनरी के उपयोग और कार्रवाई के दौरान उत्पन्न विवाद जैसे कई पहलुओं को उजागर करती है, जिन पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BILASPURNEWS ABIDHBORKHANANNEWS RISHVATKAAROPNEWS RISHVATKEAROPSEGARMAYAMAMALANEWS BILASPURSARKANDANEWS SARKANDATHANANEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER