Header Ad


देर रात फ्लाईओवर में युवक पर चाकू और बेल्ट से जानलेवा हमला, जांच में जुटी पुलिस



post

पब्लिक स्वर,बिलासपुर। शहर के लालखदान फ्लाईओवर ब्रिज पर देर रात एक युवक पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू और बेल्ट से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के पीछे लूटपाट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि घायल युवक के बयान के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी।

हमले में घायल युवक सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा मिला। राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए तत्काल डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद लालखदान और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे देर रात आवाजाही करने वाले लोगों में असुरक्षा का माहौल है। ऐसे में तोरवा थाना पुलिस की गश्त और कानून-व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

तोरवा थाना पुलिस ने बताया कि घायल युवक से पूछताछ के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि युवक के परिजन उसकी बाइक लेने थाने पहुंचे थे, लेकिन अब तक इस मामले में कोई औपचारिक एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है।

पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया या बदमाशों का उद्देश्य लूटपाट था। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घायल के बयान और जांच के बाद ही घटना के कारणों और आरोपियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, BILASPUR NEWS, LAL KHADAN FLAY OVER NEWS, LAL KHADAN FLAY OVER PAR CHAKU OR BELT SE HAMLA NEWS, YUVAK PAR CHAKU OR BELT SE HAMLA NEWS, LOOT KI ASANKA NEWS

You might also like!