पब्लिक स्वर,नारायणपुर। नारायणपुर जिले के ओरछा स्थित बीआरसी (ब्लॉक रिसोर्स सेंटर) लिंक कार्यालय में शनिवार (27 जून) दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से संसाधन कक्ष में अचानक आग लग गई। घटना के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए भवन खाली कर सुरक्षित स्थानों पर शरण ली।
घटना की सूचना मिलते ही बीआरसी प्रभारी लक्ष्मीकांत सिंह ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से लपटें कार्यालय के अन्य कमरों तक नहीं पहुंच सकीं, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
हालांकि, आग की चपेट में आने से संसाधन कक्ष में रखा फर्नीचर, कंप्यूटर सिस्टम और दिव्यांग बच्चों के शिक्षण एवं प्रशिक्षण में उपयोग होने वाली महत्वपूर्ण शैक्षणिक सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। प्रारंभिक स्तर पर आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
इस हादसे की सबसे राहतभरी बात यह रही कि घटना के समय कार्यालय में मौजूद सभी अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए। किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने आग से हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आकाशीय बिजली गिरने से आग किस प्रकार लगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए क्या अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जा सकते हैं।

User 1








