पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर आपराधिक छवि दिखाने और दहशत फैलाने वाले वीडियो पोस्ट करने का सिलसिला लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। ताजा मामला डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा का है, जहां एक युवक ने इंस्टाग्राम पर ऐसा वीडियो अपलोड किया है, जिसमें वह खुद को अपराधी के रूप में पेश करते हुए हत्या और चाकूबाजी जैसी गंभीर बातों का जिक्र करता दिखाई दे रहा है।
वायरल वीडियो में युवक कथित तौर पर कहता सुनाई देता है, "हमारा खेल ही निराला है... 302 के खेल में अनगिनत चाकू मारेंगे, चाहे जिंदगी रायपुर जेल में निकल जाए।" वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इसकी चर्चा तेज हो गई है।
अश्लील भाषा और धमकी वाले वीडियो भी सामने आए
इसी क्रम में एक अन्य इंस्टाग्राम अकाउंट से युवक और युवती द्वारा लगातार वीडियो पोस्ट किए जा रहे हैं। इन वीडियो में दोनों अश्लील भाषा का इस्तेमाल करते हुए खुलेआम गाली-गलौच और धमकी देते नजर आते हैं। बताया जा रहा है कि संबंधित युवक ने सोशल मीडिया पर "कमीने" नाम से आईडी बनाई हुई है, जहां इस तरह की सामग्री नियमित रूप से अपलोड की जा रही है।
सोशल मीडिया बन रहा "दबंगई" दिखाने का मंच
हाल के वर्षों में सोशल मीडिया पर लाइक्स, फॉलोअर्स और पहचान पाने की होड़ में कई युवा खुद को गैंगस्टर या अपराधी की छवि में प्रस्तुत करने लगे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे वीडियो समाज, विशेषकर किशोरों और युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। अपराध का महिमामंडन करने वाली सामग्री कानून-व्यवस्था के लिए भी चुनौती बन सकती है।
पुलिस कार्रवाई की उठी मांग
वायरल वीडियो के बाद लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो सोशल मीडिया के माध्यम से अपराधी मानसिकता को बढ़ावा मिल सकता है। नागरिकों ने पुलिस से वायरल वीडियो की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

User 1









