Header Ad


गोलबाजार में महिला ने बच्ची के गले से उड़ा दी सोने की चेन, जांच में जुटी पुलिस



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले बाजारों में शुमार गोलबाजार में चेन स्नेचिंग की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। खरीदारी के लिए बाजार पहुंची एक महिला पत्रकार की मासूम बेटी के गले से एक अज्ञात महिला ने सोने की चेन पार कर दी। घटना बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला की तलाश तेज कर दी है।

भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को दिया अंजाम

जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला अपने पति और छोटी बेटी के साथ गोलबाजार में खरीदारी करने पहुंची थीं। उस समय बाजार में काफी भीड़ थी। बच्ची अपनी मां की गोद में थी और परिवार खरीदारी में व्यस्त था। इसी दौरान एक महिला उनके करीब आकर खड़ी हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला ने भीड़भाड़ का फायदा उठाते हुए बेहद शातिर तरीके से बच्ची के गले में पहनी सोने की चेन निकाल ली। वारदात इतनी सफाई से अंजाम दी गई कि परिवार को तत्काल इसकी भनक तक नहीं लगी।

डेढ़ लाख रुपए की बताई जा रही कीमत

परिजनों के अनुसार चोरी हुई सोने की चेन का वजन करीब एक तोला था। वर्तमान बाजार मूल्य के हिसाब से इसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए आंकी जा रही है। कुछ देर बाद जब परिजनों की नजर बच्ची के गले पर पड़ी, तब चेन गायब होने का पता चला। इसके बाद आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन आरोपी महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका।

CCTV फुटेज में दिखी संदिग्ध महिला

घटना की सूचना मिलने के बाद गोलबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध महिला बच्ची के गले से चेन निकालते हुए दिखाई दे रही है। फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने और उसके संभावित ठिकानों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है ताकि आरोपी के आने-जाने के रास्ते और उसकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

बाजारों में सक्रिय गिरोह की आशंका

इस घटना ने एक बार फिर भीड़भाड़ वाले बाजारों में सक्रिय चेन स्नेचिंग और जेवर चोरी करने वाले गिरोहों की मौजूदगी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ऐसे मामलों में अक्सर महिला सदस्य भी शामिल रहती हैं, जो परिवारों और बच्चों को आसान निशाना बनाकर भीड़ में वारदात को अंजाम देती हैं।

पुलिस ने शुरू की तलाश

फिलहाल गोलबाजार थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज की मदद से आरोपी तक जल्द पहुंचा जाएगा।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, RAIPUR NEWS, GOLBAJAR NEWS, RAIPUR GOLBAJAR NEWS, CHAIN SNATCHING NEWS BACCHI KI GALE SE CHAIN SNATCHING NEWS, CCTV FOOTEG VAYRAL NEWS, JANCH ME JUTI POLICE NEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER