Header Ad


मजदूरों से भरी पिकअप पलटने से महिलाओं और नाबालिगों समेत 19 घायल, एक की हालत गंभीर



post

पब्लिक स्वर,सूरजपुर। सूरजपुर जिले में मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में महिलाओं और नाबालिगों समेत 19 मजदूर घायल हो गए। घायलों में एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के नेवरा इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि करीब 30 मजदूरों को लेकर पिकअप वाहन गुजर रहा था, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। नियंत्रण बिगड़ते ही पिकअप सड़क किनारे पलट गई। वाहन पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे में घायल मजदूरों में कई नाबालिग बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। अधिकांश घायलों को सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, घायलों का उपचार डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। वहीं एक मजदूर की हालत गंभीर होने के कारण उसे उच्च स्तरीय उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।

प्राथमिक जांच में हादसे की वजह चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मजदूरों को ले जाने में वाहन क्षमता और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरों के आवागमन के लिए मालवाहक वाहनों के उपयोग को लेकर एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, SURAJPURNEWS KOTVALI THANA NEWS, SURAJPUR KOTVALI THANA NEWS, PIKUP PALATNE SE 19 LOG GHAYAL NEWS, NABALIG SAHIT 19 LOG GHAYAL NEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER