भीषण गर्मी में बिजली कटौती पर कांग्रेस नाराज, BJP नेताओं के घर धरने का ऐलान



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में लगातार हो रही बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर कांग्रेस ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं का प्रतिनिधिमंडल CSPDCL कार्यालय पहुंचा, जहां अधिकारियों के साथ लंबी बैठक कर शहर की बिगड़ती बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताई गई।

बैठक में CSPDCL के अधिकारी संजीव सिंह और शहर के विभिन्न जोन के मुख्य कार्यपालिक अधिकारी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने शहर के अलग-अलग इलाकों में बार-बार बिजली गुल होने, लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। नेताओं का कहना था कि भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है और विभाग समस्या के समाधान में गंभीरता नहीं दिखा रहा।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने बैठक के दौरान साफ चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस भाजपा सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों के घरों का घेराव कर धरना देगी। उन्होंने कहा कि राजधानी के लोग रोजाना बिजली संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार और बिजली विभाग जनता की परेशानी को नजरअंदाज कर रहे हैं।

दरअसल, रायपुर में पिछले कुछ दिनों से कई इलाकों में अनियमित बिजली सप्लाई को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गर्मी बढ़ने के साथ बिजली की मांग भी बढ़ी है, वहीं दूसरी ओर मेंटेनेंस, ओवरलोड और तकनीकी खराबियों के कारण बार-बार सप्लाई बाधित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसका असर घरेलू उपभोक्ताओं के साथ व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है।

इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पहले भी सड़क पर उतर चुकी है। हाल ही में पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय डगनिया बिजली ऑफिस के सामने स्थानीय लोगों के साथ धरने पर बैठ गए थे। उस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी प्रदर्शन में शामिल हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए नियमित और निर्बाध बिजली सप्लाई की मांग की थी।

विकास उपाध्याय ने तब आरोप लगाया था कि लगातार बिजली बंद होने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा था कि भीषण गर्मी में घंटों बिजली गुल रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।

कांग्रेस ने अब इस मुद्दे को राजनीतिक और जनहित दोनों स्तर पर बड़ा आंदोलन बनाने के संकेत दिए हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में राजधानी में व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, शिव सिंह ठाकुर सहित शहर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और ब्लॉक अध्यक्ष मौजूद रहे।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS BHESHANGARMIMEBINLIKATAUTIN BIJLIKATAUTINEWS CONGRESSKAPRADAEDHANEWS

You might also like!