पब्लिक स्वर,रायगढ़। रायगढ़ जिले में पुलिस अनुशासन से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें धर्मजयगढ़ थाना में पदस्थ एक आरक्षक को वर्दी में नशे की हालत में पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में आरक्षक दिलेश चंद्रा वर्दी पहने हुए क्लब ग्राउंड में नशे की हालत में बेसुध पड़ा दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद किसी स्थानीय व्यक्ति ने इसे रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद यह मामला तेजी से पुलिस विभाग तक पहुंच गया।
मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में आरक्षक द्वारा पदीय कर्तव्यों के विपरीत आचरण करना पाया गया।
इसके बाद आरक्षक क्रमांक 251 दिलेश चंद्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान उसका मुख्यालय रक्षित केंद्र रायगढ़ निर्धारित किया गया है, जहां वह नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करेगा।
इस मामले पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि पुलिस बल में अनुशासन सर्वोपरि है और वर्दी की गरिमा के विरुद्ध किसी भी प्रकार का आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में भविष्य में भी त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

User 1










