पब्लिक स्वर,कवर्धा। सोशल मीडिया पर थाना कोतवाली परिसर का वीडियो वायरल होने के बाद कबीरधाम पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित युवक की पहचान कर उसे थाने बुलाया। पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित माफी दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, आयान खान नामक युवक ने थाना कोतवाली परिसर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया था। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला पुलिस के संज्ञान में आया। इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने जांच शुरू कर युवक की पहचान की और उसे पूछताछ के लिए थाने तलब किया।
पूछताछ में युवक ने बताया कि उसका किसी प्रकार का गलत उद्देश्य नहीं था। उसने सामान्य तौर पर वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया था, लेकिन उसे यह जानकारी नहीं थी कि थाना परिसर जैसे संवेदनशील स्थान का वीडियो बनाकर सार्वजनिक करना नियमों और मर्यादा के खिलाफ माना जा सकता है। मामले की गंभीरता समझने के बाद युवक ने पुलिस के समक्ष लिखित माफी पेश की और भविष्य में ऐसी गतिविधि दोबारा नहीं करने का आश्वासन दिया।
थाना प्रभारी ने युवक को समझाइश देते हुए कहा कि पुलिस थाना और अन्य संवेदनशील सरकारी परिसरों की गरिमा बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज एक प्रभावशाली माध्यम बन चुका है, लेकिन इसका उपयोग जिम्मेदारी और कानून के दायरे में रहकर किया जाना चाहिए। बिना अनुमति किसी संवेदनशील स्थान की फोटो या वीडियो सार्वजनिक करने से गलत संदेश फैल सकते हैं और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। यदि कोई व्यक्ति भ्रामक, आपत्तिजनक या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री साझा करता है, तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
कबीरधाम पुलिस ने इस मामले के जरिए खासतौर पर युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का इस्तेमाल सकारात्मक और जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से करें तथा किसी भी सरकारी या संवेदनशील स्थान से जुड़ी सामग्री साझा करने से पहले नियमों और उसकी गंभीरता को समझें।

User 1








