पब्लिक स्वर,रायगढ़। रायगढ़ जिले में अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को लगातार तीसरी बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 22 अप्रैल को खरसिया क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 52 किलोग्राम गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब ₹25.62 लाख बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इससे पहले सप्ताह के भीतर तमनार से 60 किलो और चक्रधरनगर से 36 किलो गांजा जब्त किया जा चुका है। इसी कड़ी में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से तीन युवक बड़े बैग में गांजा लेकर रायगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जिलेभर में अलर्ट जारी कर सड़क और रेल मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी।
इसी दौरान खरसिया रेलवे कॉलोनी के पास तीन संदिग्ध युवकों के बड़े बैग के साथ घूमने की सूचना मिली। चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में साइबर टीम और खरसिया पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दिनेश कुमार बेहरा (22 वर्ष), शिवा बेहरा (21 वर्ष) और देवी प्रसाद कंहर (19 वर्ष) बताया, जो ओडिशा के कंधमाल जिले के निवासी हैं। आरोपियों ने बताया कि वे ट्रेन के जरिए गांजा लेकर आ रहे थे, लेकिन रेलवे में सख्त जांच के चलते खरसिया में उतरकर भागने की कोशिश कर रहे थे।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से क्रमशः 16.1 किलो, 20.4 किलो और 15.5 किलो गांजा बरामद किया गया, कुल मिलाकर 52 किलोग्राम। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर और एसडीओपी प्रभात पटेल के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस अभियान में पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई।
रायगढ़ पुलिस की इस लगातार कार्रवाई से साफ है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्ती से अभियान जारी रहेगा।

User 1










