Header Ad


धमतरी post authorUser 1 16 June 2026

टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर सब्जियों से भरी पिकअप से टकराई हाइवा, दो घायल



post

पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आछोटा बस्ती के पास एक हाइवा और सब्जियों से लदी पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दो लोग घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पिकअप में लदी सब्जियां सड़क पर बिखर गईं। दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धमतरी की ओर से आ रहा हाइवा अचानक टायर फटने के कारण अनियंत्रित हो गया। इसी दौरान सामने से नगरी की ओर जा रही पिकअप उसकी चपेट में आ गई। तेज रफ्तार और अचानक हुए नियंत्रण खोने के कारण दोनों वाहनों के बीच जबरदस्त टक्कर हुई।

हादसे में पिकअप सवार परमेश पटेल (39 वर्ष) और भानुदेव मरकाम (34 वर्ष), दोनों निवासी जामगांव, नरहरपुर घायल हो गए। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। इसके अलावा वरदान परामर्श एंबुलेंस सेवा समिति के शिवा प्रधान और हेमंत प्रधान ने भी बचाव एवं राहत कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद धमतरी जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में दोनों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पिकअप में लदी बड़ी मात्रा में सब्जियां सड़क पर फैल गईं, जिससे मार्ग पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सड़क को साफ कराया गया और यातायात सामान्य किया गया।

घटना के बाद हाइवा चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। अर्जुनी थाना पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और फरार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DHAMTARINEWS ARJUNITHANANEWS DAMTARIARJUNITHANANEWS TAYARFATNEKEBAADANIYANTRITHOKARSABJIYONSEBHARIGADISEAKRAIHIGWANEWS SABJIYONSETAKRAIHAIGWANEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER