पब्लिक स्वर,राजनांदगांव। राजनांदगांव में रिश्ते और शादी के नाम पर युवकों और उनके परिवारों से ठगी करने वाले एक फर्जी मैरिज ब्यूरो का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। आरोपी सोशल मीडिया और इंटरनेट से युवतियों की तस्वीरें डाउनलोड कर उनकी फर्जी प्रोफाइल बनाते थे और इन्हें युवकों को भेजकर शादी तय कराने का झांसा देते थे। इसके बदले रजिस्ट्रेशन, पैकेज और फैमिली मीटिंग के नाम पर 30 से 40 हजार रुपये तक वसूले जाते थे।
मामला बसंतपुर थाना क्षेत्र का है। यहां “लव लाइफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” के नाम से यह फर्जी काम चल रहा था। राजनांदगांव एसपी अंकिता शर्मा को इसकी गुमनाम शिकायत मिली थी। शिकायत में बताया गया था कि कुछ लोग प्यार, रिश्ते और शादी के नाम पर युवकों और उनके परिवारों से पैसे ऐंठ रहे हैं। एसपी ने शिकायत को गंभीरता से लिया और जांच के निर्देश दिए। इसके बाद एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन की टीम ने जांच शुरू की। जांच में शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद थाना प्रभारी एमन साहू और उनकी टीम ने मैरिज ब्यूरो में छापा मारा। मौके से 07 एंड्रॉइड मोबाइल, 14 की-पैड मोबाइल और 09 रजिस्टर व कॉपियां जब्त की गईं।
मोबाइल की जांच में पुलिस को 2286 युवतियों की तस्वीरें मिलीं। ये सभी तस्वीरें इंटरनेट और सोशल मीडिया से डाउनलोड की गई थीं। आरोपियों ने इन्हीं तस्वीरों का इस्तेमाल कर फर्जी प्रोफाइल तैयार की थी। बाद में इन प्रोफाइल को व्हाट्सएप के जरिए युवकों को भेजा जाता था। युवक जब शादी के लिए रुचि दिखाते थे, तब उनसे रजिस्ट्रेशन फीस, प्रीमियम पैकेज, लड़की वालों से बातचीत और फैमिली मीटिंग के नाम पर पैसे मांगे जाते थे।
जांच में सामने आया कि कई युवकों को यह भरोसा दिलाया गया कि लड़की और उसका परिवार शादी के लिए तैयार है, लेकिन पैसे लेने के बाद संपर्क बंद कर दिया जाता था। पिछले एक साल के बैंक स्टेटमेंट की जांच में 37 लाख 69 हजार रुपये के लेन-देन की जानकारी मिली है। इससे माना जा रहा है कि बड़ी संख्या में लोग इस ठगी का शिकार हुए हैं।
पुलिस ने इस मामले में नेहा पाठक (23) और धर्मेन्द्र मानिकपुरी (32) को गिरफ्तार किया है। नेहा पाठक लेबर कॉलोनी, वार्ड नंबर 17, थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव की रहने वाली है, जबकि धर्मेन्द्र मानिकपुरी मूल रूप से कबीरधाम जिले के जंगलपुर का रहने वाला है और वर्तमान में बसंतपुर थाना क्षेत्र की रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी में रह रहा था। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह में और लोग भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। राजनांदगांव पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन मैरिज ब्यूरो, व्हाट्सएप या सोशल मीडिया के जरिए मिलने वाले विवाह प्रस्ताव पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें और किसी भी तरह की फीस जमा करने से पहले पूरी जांच जरूर करें।

User 1









