पब्लिक स्वर,महासमुंद। महासमुंद जिले में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिंघोड़ा थाना पुलिस ने एक संदिग्ध कार से करीब 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार रुपये कीमत के सोने के जेवरात बरामद किए हैं। पुलिस ने कार में बने गुप्त चेंबर से 7 किलो 512 ग्राम सोना जब्त किया है। मामले में गुजरात के तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस लगातार सघन वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान जांच प्वाइंट पर पुलिस ने गुजरात पंजीयन क्रमांक GJ 03 NP 4230 की एक कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को कार के भीतर एक गुप्त चेंबर मिला। चेंबर के अंदर रखे एक पिट्ठू बैग की जांच करने पर उसमें भारी मात्रा में सोने के जेवरात बरामद हुए। अचानक इतनी बड़ी मात्रा में सोना मिलने से पुलिस टीम भी हैरान रह गई।
पुलिस के मुताबिक, जब्त सोने का कुल वजन 7 किलो 512 ग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार रुपये आंकी गई है। कार में सवार तीनों युवक गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे राजकोट से सोने के जेवर बेचने के लिए आए थे, लेकिन जांच के दौरान वे सोने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज, बिल या परिवहन अनुमति पेश नहीं कर सके।
फिलहाल पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आयकर विभाग और अन्य जांच एजेंसियों को भी सूचना दिए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में सोना कहां ले जाया जा रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

User 1








