पूर्व विस अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल स्नैचिंग का आरोपी 8 घंटे में गिरफ्तार



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल छीनने की वारदात का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच और विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 7:15 बजे धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के लिए अपने शासकीय निवास से निकले थे। इसी दौरान पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे बाइक सवार एक युवक ने उनका मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल जांच शुरू कर दी गई। क्राइम ब्रांच समेत कई थानों की टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल और संभावित भागने के रास्तों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की पहचान की गई।

पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी मणिकांत ध्रुव (19 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। आरोपी मूल रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के राजीव नगर इलाके में रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी यदा-कदा रैपिडो चलाने का काम भी करता था। पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूल कर ली है। उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और इस्तेमाल की गई बाइक जब्त कर ली गई है।

इस मामले में रायपुर एसएसपी डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि पुलिस हर शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि “आम नागरिक हो या हाई प्रोफाइल व्यक्ति, हर मामले में समान संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई हमारी प्राथमिकता है।” उन्होंने यह भी कहा कि अपराधियों की शीघ्र पहचान, गिरफ्तारी और चोरी या छीने गए सामान की बरामदगी रायपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS PURVVISADHYAKCHSEMOBAILESNECHINGKAAROPIGIRAFTARNEWS PURVVISADHYAKCHSEMOBAILESNECHINGKAAROPI8GHANTEMEGIRAFTARNEWS DHARAMLALAKAUSHIKSELOOTKAATOPIGIRAFTAARNEWS

You might also like!