पब्लिक स्वर,दुर्ग। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा लोक सेवा केन्द्रों का उन्नयन कर उन्हें “सेवा सेतु केन्द्र” के रूप में विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों तक सरकारी सेवाओं को सरल, तेज और पूरी तरह डिजिटल माध्यम से पहुंचाना है। इसी पहल के तहत अब ग्राम पंचायत स्तर पर भी ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन विवाह प्रमाण-पत्र बनाए जा रहे हैं। राज्य में अब 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं, जिससे लोगों को घर बैठे सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
ई-जिला प्रबंधक श्रुति अग्रवाल ने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल पर आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र (ग्रामीण एवं शहरी), नाम परिवर्तन हेतु साधारण राजपत्र अधिसूचना, भू-नकल सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एकीकृत रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग कर डिजिटल शासन व्यवस्था का लाभ लें।
सरकारी दफ्तरों के चक्कर से मिली राहत
सेवा सेतु प्लेटफॉर्म लागू होने से पहले नागरिकों को अलग-अलग सेवाओं के लिए विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। प्रमाण-पत्र जैसी मूलभूत सेवाओं के लिए समय, श्रम और आर्थिक संसाधनों की बड़ी खपत होती थी। नई डिजिटल व्यवस्था ने इस पारंपरिक प्रणाली को काफी हद तक बदल दिया है। अब नागरिक ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित समय-सीमा में सेवाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
आय प्रमाण-पत्र की सबसे ज्यादा मांग
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेवा सेतु पोर्टल पर सबसे अधिक मांग आय प्रमाण-पत्र की रही है। इसके अलावा मूल निवास, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र और भू-नकल सेवाओं का भी बड़े पैमाने पर उपयोग हुआ है। इससे स्पष्ट होता है कि नागरिकों की दैनिक जरूरतों से जुड़ी सेवाओं को डिजिटल माध्यम में उपलब्ध कराना कितना जरूरी था। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को इसका बड़ा लाभ मिल रहा है। अब वे कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केन्द्र और इंटरनेट आधारित सेवाओं के जरिए आसानी से दस्तावेज प्राप्त कर पा रहे हैं।
86 सेवाओं से बढ़कर 441 तक पहुंचा प्लेटफॉर्म
छत्तीसगढ़ में शुरुआत में ई-डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म पर केवल 86 सेवाएं उपलब्ध थीं। समय के साथ जरूरतों को देखते हुए इसका उन्नत संस्करण “सेवा सेतु” तैयार किया गया। वर्तमान में इस प्लेटफॉर्म पर 441 से अधिक सेवाएं जोड़ी जा चुकी हैं। इनमें 54 नई सेवाएं शामिल हैं, जबकि विभिन्न विभागों की 329 री-डायरेक्ट सेवाओं का सफल एकीकरण भी किया गया है। राज्य के 30 से अधिक विभाग इस प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं, जिससे नागरिकों को अलग-अलग पोर्टल और कार्यालयों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा। सेवा सेतु को छत्तीसगढ़ में डिजिटल सुशासन और प्रशासनिक पारदर्शिता की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

User 1









