पब्लिक स्वर,जगदलपुर। बस्तर जिले के परपा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमार मरेंगा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद गंभीर हालत में युवक को मेडिकल कॉलेज जगदलपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान ग्राम सरगीपाल जुनापारा निवासी नीलकंठ बघेल (27 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक नीलकंठ पिछले करीब दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ था। परिजनों के अनुसार वह अक्सर बिना बताए घर से निकल जाया करता था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह भी वह घर से निकलकर घूमते-घूमते रेलवे ट्रैक तक पहुंच गया। इसी दौरान ट्रैक पर सामने से एक मालगाड़ी आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेन चालक ने युवक को पटरी से हटाने के लिए लगातार हॉर्न बजाया और इशारा किया, लेकिन युवक ट्रैक से नहीं हटा।
स्थिति को गंभीर देखते हुए लोको पायलट ने तत्काल ब्रेक लगाया, हालांकि दूरी कम होने के कारण ट्रेन समय पर नहीं रुक सकी और युवक उसकी चपेट में आ गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज जगदलपुर भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

User 1









