रेत माफियाओं पर शिकंजा कसने एसपी ने बनाई स्पेशल टास्क फोर्स, कानून व्यवस्था मजबूत करने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल



post

पब्लिक स्वर,जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने तथा पुलिसिंग में कसावट लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इसके साथ ही जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर सख्ती के लिए विशेष “Illegal Mining Task Force” का गठन भी किया गया है।

नवागढ़ थाना प्रभारी बदले

एसपी कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक, निरीक्षक कमलेश कुमार शेण्डे को थाना प्रभारी नवागढ़ के पद से हटाकर रक्षित केन्द्र जांजगीर भेजा गया है। वहीं यातायात शाखा में पदस्थ निरीक्षक मणीकांत पाण्डेय को नवागढ़ थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा उप निरीक्षक (सउनि) सियाराम यादव का तबादला थाना नवागढ़ से थाना बम्हनीडीह किया गया है। पुलिस विभाग में इस बदलाव को प्रशासनिक कसावट और कार्यप्रणाली में सुधार से जोड़कर देखा जा रहा है।

अवैध रेत खनन पर पुलिस की बड़ी तैयारी

जिले में लगातार सामने आ रहे अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसपी विजय पांडेय ने “Illegal Mining Task Force” का गठन किया है। इस विशेष टास्क फोर्स का उद्देश्य अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना और रेत माफियाओं पर अंकुश लगाना बताया जा रहा है। टास्क फोर्स के पर्यवेक्षण अधिकारी के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप को जिम्मेदारी दी गई है। इसका मुख्यालय जांजगीर में रहेगा। टीम में विभिन्न अधिकारी और पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है, जो जिलेभर में निगरानी और कार्रवाई करेंगे।

लगातार मिल रही थीं शिकायतें

जिले के कई क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और ओवरलोड परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर नदी घाटों तक रात के समय अवैध गतिविधियों के संचालन की सूचनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में पुलिस की यह नई टास्क फोर्स प्रशासन की बड़ी रणनीतिक कार्रवाई मानी जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अवैध खनन के खिलाफ जिले में बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा सकता है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS JANJGIRNEWS POLICETRANSFARNEWS JANJGIRPOLICETRANSFARNEWS RETMAFIYAOARSHIKANJAKASNESPECIALTASKFORCENEWS SPECIALTASKFORCENEWS

You might also like!