सुशासन तिहार में मंचीय कार्यक्रम के बीच सरपंच पर चाकू से हमला



post

पब्लिक स्वर,राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पलांदूर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम उस समय अफरा-तफरी और तनाव में बदल गया, जब मंचीय कार्यक्रम के दौरान अचानक एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में ग्राम सरपंच मानिकलाल वर्मा घायल हो गए। उनके हाथ में चोट आई है। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोगों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम में भाषण चल रहा था और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद थे। इसी दौरान गांव निवासी जितेन्द्र यादव (36 वर्ष) अचानक आगे बढ़ा और सरपंच पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और कार्यक्रम में शामिल लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

सरकारी कार्यक्रम में सुरक्षा पर उठे सवाल

यह घटना ऐसे समय हुई है, जब प्रदेशभर में “सुशासन तिहार 2026” के तहत सरकार गांव-गांव समाधान शिविर और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर रही है। सरकारी दावों के मुताबिक इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करना और प्रशासन को सीधे जनता से जोड़ना है।

लेकिन पलांदूर में हुई चाकूबाजी की घटना ने इन आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान खुलेआम हथियार के साथ हमला होना प्रशासनिक सतर्कता पर सवालिया निशान माना जा रहा है।

डोंगरगढ़ क्षेत्र में पहले भी हो चुका है विरोध

डोंगरगढ़ क्षेत्र में सुशासन तिहार के दौरान विवाद और विरोध की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। कुछ दिन पहले पट्टे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अधिकारियों को घंटों तक घेरकर रखा था। स्थिति इतनी बिगड़ गई थी कि पुलिस बल तैनात करना पड़ा और प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा था।

ऐसे घटनाक्रम यह संकेत दे रहे हैं कि ग्रामीण इलाकों में जमीन, पट्टा, स्थानीय विवाद और प्रशासनिक असंतोष जैसे मुद्दे लगातार उभर रहे हैं। हालांकि पलांदूर की घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में हमले के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमला व्यक्तिगत विवाद का परिणाम था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAJNANDGAONNEWS DONGARGADHNEWS RAJNADGAONFONGARGADHNEWS SUSASANTIHARKEDAURANSARPANCHPARCHAKUSEHAMLANEWS SARPANCHSECHAKUSEHAMLANEWS MANCHIYKARYKRAMKEBICHSARPANCHPARCHAKUSEHAMLANEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER