Header Ad


रायपुर में राहुल गांधी के दौरे से पहले सियासी घमासान, भाजपा-कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। कांग्रेस के 10 दिवसीय जिला अध्यक्ष एवं संगठन पदाधिकारियों के प्रशिक्षण शिविर के बीच 21 जून को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है।

भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि “दिल्ली से जोकर आ रहा है, अब दस दिनों तक छत्तीसगढ़ में सर्कस चलेगा।” उन्होंने यह भी कहा कि “राम को काल्पनिक मानने वाले राहुल गांधी राम के मामा गांव आ रहे हैं, उनका स्वागत है। कांग्रेस में लेन-देन और भ्रष्टाचार की संस्कृति रही है। अब देखना होगा कि राहुल गांधी कार्यकर्ताओं को क्या संदेश देते हैं।”

भाजपा विधायक के इस बयान पर कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि “पुरंदर मिश्रा मानसिक रूप से अस्थिर हो चुके हैं। भाजपा अगर उनका इलाज नहीं करा पा रही है, तो कांग्रेस इसके लिए भी तैयार है। एक बार के एक्सीडेंटल विधायक अपनी राजनीतिक पहचान बढ़ाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं।”

आज से शुरू हुआ 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर

कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर अभनपुर में शुरू हो गया है। इस शिविर में प्रदेशभर के जिला अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों को संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

21 जून को रायपुर पहुंचेंगे राहुल गांधी

राहुल गांधी 21 जून को रायपुर पहुंचेंगे और करीब साढ़े पांच घंटे तक प्रशिक्षण शिविर में मौजूद रहेंगे। इस दौरान वे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन तैयारियों में जुटा हुआ है, वहीं भाजपा की ओर से लगातार राजनीतिक हमले किए जा रहे हैं। फिलहाल राहुल गांधी के दौरे से पहले ही प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है और आने वाले दिनों में सियासी तापमान और बढ़ने के आसार हैं।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS RAIPURMERAHAULGANDHIKEDAURESEPAHLESIYASIGHAMASANNEWS SIYASIGHAMASHANNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER