आईपीएल सट्टा रैकेट पर पुलिस का शिकंजा, आरोपी गिरफ्तार



post

पब्लिक स्वर,कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना कवर्धा पुलिस को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस स्टैंड स्थित एक क्लीनिक में एक व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा चला रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने वीरस्तंभ चौक से गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी।

मौके से आरोपी नीलकमल अधिकारी (43 वर्ष), निवासी मुर्शीदाबाद (पश्चिम बंगाल), वर्तमान पता प्रोफेसर कॉलोनी कवर्धा को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से मोबाइल फोन मिला, जिसमें जांच करने पर आईपीएल मैचों पर हार-जीत और ओवर के आधार पर ऑनलाइन सट्टा संचालन के सबूत पाए गए। पुलिस ने मोबाइल से स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।

इसी तरह रायगढ़ पुलिस ने भी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मुख्य सरगना देव बंसल को रायपुर से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि यह पूरा सट्टा नेटवर्क पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए चल रहा था, जिसमें किसी प्रकार का भौतिक सेटअप नहीं था।

इस कार्रवाई की शुरुआत 16 फरवरी को हुई थी, जब चक्रधर नगर पुलिस ने बोईरदादर स्थित एक उद्योग में दबिश देकर विकास अग्रवाल और विनय अग्रवाल को पकड़ा था। पूछताछ में खरसिया के गगन अग्रवाल का नाम सामने आया। इसके बाद तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी देव बंसल तक पहुंची।

देव बंसल को रायपुर स्थित उसके फ्लैट से गिरफ्तार किया गया। उसके मोबाइल (आईफोन 16 प्रो) की जांच में ऑनलाइन ट्रांजैक्शन, सट्टे से जुड़ी चैट और अन्य डिजिटल सबूत मिले हैं।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अवैध जुआ और सट्टेबाजी से दूर रहें और ऐसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS KAVARDHANEWS RAIGADHNEWS IPLSATTANEWS IPLSATTAPARPOLICEKACHAPANEWS AROPIGIRAFTAARNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER