पब्लिक स्वर,बलरामपुर। बलरामपुर जिले में अवैध जुआ, सट्टा और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में संचालित जुए के फड़ पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कई अन्य जुआरी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। कार्रवाई के दौरान नगद राशि और तीन मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 5 जून की शाम कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दहेजवार गोठान के पास जंगल क्षेत्र में कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई। इस दौरान कई आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने दो लोगों को पकड़ने में सफलता हासिल की।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक गुप्ता (पिता श्रवण साव), निवासी ग्राम दहेजवार तथा रामप्रसाद (पिता केशव), निवासी वार्ड क्रमांक-7 बलरामपुर के रूप में हुई है।
नकदी और वाहन जब्त
छापेमार कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से 3 हजार रुपये नगद और घटना में इस्तेमाल की जा रही तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं। जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 के तहत अपराध दर्ज किया है। इस संबंध में थाना बलरामपुर में अपराध क्रमांक 89/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि मौके से भाग निकले अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

User 1













