पब्लिक स्वर,खैरागढ़। खैरागढ़ जिले के छुईखदान थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक शीतल यादव की आत्महत्या की खबर से पुलिस विभाग में शोक और स्तब्धता का माहौल है। शनिवार तड़के उनका शव खैरागढ़ शहर के दाऊचौरा क्षेत्र स्थित उनके निवास पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक शीतल यादव अपने परिवार के साथ वार्ड क्रमांक 16 के दाऊचौरा इलाके में रहते थे। शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे, जबकि शीतल यादव घर के हॉल में मौजूद थे।
सुबह सामने आई घटना
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब चार बजे उनकी पत्नी की नींद खुली। जब उन्होंने हॉल में जाकर देखा तो शीतल यादव गमछे के सहारे फंदे पर लटके हुए थे। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की है।
फोरेंसिक जांच के बाद होगा खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग से फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया है। टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाएगी, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आत्महत्या के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है तथा यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे कोई व्यक्तिगत, पारिवारिक या अन्य कारण तो नहीं था। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस विभाग में शोक की लहर
प्रधान आरक्षक शीतल यादव के निधन की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मी और परिचित इस घटना से स्तब्ध हैं। विभागीय अधिकारियों ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है।

User 1













