पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में सोशल मीडिया के जरिए प्रचारित की जा रही कथित “रेड रूम टेक्नो पार्टी” पर पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त कार्रवाई करते हुए आयोजन को रद्द करा दिया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित फर्जी कैफे में आयोजित होने वाली इस पार्टी को लेकर खबर सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और तीन आयोजकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने पार्टी से जुड़े सोशल मीडिया पोस्टर, प्रमोशनल वीडियो और अन्य डिजिटल सामग्री भी हटवा दी है। मामले ने राजधानी में देर रात आयोजित होने वाले निजी आयोजनों, सोशल मीडिया आधारित पार्टी कल्चर और उसकी निगरानी को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को किया जा रहा था टारगेट
जानकारी के अनुसार “रेड रूम टेक्नो पार्टी” नाम से आयोजित इस इवेंट का प्रचार इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर खुले तौर पर किया जा रहा था। प्रमोशनल कंटेंट में कथित तौर पर नाबालिग लड़कियों का इस्तेमाल किया गया था और वीडियो को इस तरह डिजाइन किया गया था कि युवाओं को आकर्षित किया जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी में हाई-प्रोफाइल एंट्री, डीजे म्यूजिक, टेक्नो थीम और निजी इंटरैक्शन जैसे आकर्षण दिखाकर लोगों को जोड़ा जा रहा था। पार्टी की एंट्री फीस 8 हजार रुपए से शुरू होकर 40 हजार रुपए तक बताई जा रही थी। वहीं कलाकारों से मिलने के लिए अलग शुल्क लेने की भी जानकारी सामने आई है।
नशे और अवैध गतिविधियों की आशंका
मामले को लेकर सबसे गंभीर पहलू यह सामने आया कि आयोजन में कथित रूप से नशे से जुड़े पदार्थ परोसे जाने की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर अभी इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन इसी आशंका को देखते हुए कार्यक्रम को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई। इसके अलावा आयोजन स्थल की अनुमति प्रक्रिया, सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक सूचना को लेकर भी कई सवाल खड़े हुए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आयोजन की सूचना स्थानीय थाना या प्रशासन को पूर्व में नहीं दी गई थी।
खबर प्रकाशित होते ही पुलिस का एक्शन
तेलीबांधा पुलिस ने बताया कि मीडिया रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले को तत्काल संज्ञान में लिया गया। पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि इस प्रकार के आयोजन के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी।उन्होंने कहा कि राजधानी में इस तरह के आयोजनों को बिना अनुमति संचालित नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस ने आयोजकों को हिरासत में लेकर बयान दर्ज किए हैं और आयोजन को तत्काल प्रभाव से रद्द करा दिया गया है।एसीपी के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से पार्टी से जुड़े फोटो, पोस्टर और वीडियो भी हटवा दिए गए हैं ताकि आगे किसी प्रकार का प्रचार न हो सके।
राजधानी में बढ़ता “अंडरग्राउंड पार्टी कल्चर” चिंता का विषय
पिछले कुछ समय में रायपुर में “स्ट्रेंजर मीटअप”, निजी नाइट पार्टी और बंद समूहों में आयोजित होने वाले टेक्नो इवेंट्स का ट्रेंड तेजी से बढ़ा है। इनमें से कई आयोजनों का प्रचार सोशल मीडिया के जरिए किया जाता है, जहां सीमित लोगों को लिंक और पास के माध्यम से एंट्री दी जाती है।
सामाजिक संगठनों ने जताई आपत्ति
स्थानीय सामाजिक संगठनों और नागरिक समूहों ने भी इस पार्टी को लेकर नाराजगी जताई थी। उनका कहना था कि राजधानी में खुलेआम इस तरह के आयोजनों का प्रचार होना युवाओं पर गलत प्रभाव डाल सकता है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आयोजकों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

User 1











