पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत महावीर चौक में पुराने विवाद को लेकर हुई चाकूबाजी में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मामले में भखारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी संतोष निर्मलकर ने थाना भखारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 मई 2026 की रात करीब 9 बजे उसके पिता अन्नु निर्मलकर का शिवम साहू, चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू और राहुल कंवर उर्फ राहुल दीवान से पुराने पैसों के लेन-देन और मोटरसाइकिल एक्सीडेंट की बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौच एवं मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि इसी दौरान शिवम साहू ने धारदार चाकू से अन्नु निर्मलकर के गले पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जिला अस्पताल धमतरी में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही भखारा पुलिस मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या के मामले में अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया है।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू (30 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 04 भखारा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। वहीं मुख्य आरोपी समेत अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक धमतरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

User 1


.jpg)









