ट्रक के नीचे आने से पति-पत्नी की मौत, 4 साल का बेटा गंभीर



post

पब्लिक स्वर,कबीरधाम। कबीरधाम जिले के कुण्डा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 4 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान सारंगढ़ निवासी कृष्णा आढिले और उनकी पत्नी कीर्ति आढिले के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कृष्णा अपनी पत्नी और बेटे के साथ बाइक से पत्नी के मायके कोलेगांव जा रहे थे। इसी दौरान कुण्डा थाना क्षेत्र में सामने से आ रहे ट्रक को पास देने के दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे गीली मिट्टी में फिसल गई। बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और पति-पत्नी सीधे ट्रक के पहिए के नीचे आ गए। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका 4 साल का बेटा दूर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। बच्चे को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुण्डा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

हादसे के बाद इलाके में भारी नाराजगी फैल गई। ग्रामीणों ने घटना स्थल और कुण्डा थाना के पास चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य में भारी लापरवाही बरती गई है। उनका कहना है कि सड़क के किनारे शोल्डर में मुरुम की जगह मिट्टी डाली गई थी, जो बारिश के कारण कीचड़ में बदल गई। इसी वजह से बाइक फिसली और इतना बड़ा हादसा हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन निर्माण एजेंसी और प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया।

ग्रामीण सड़क निर्माण कराने वाले ठेकेदार को मौके पर बुलाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण ठेकेदार के आने तक प्रदर्शन खत्म करने को तैयार नहीं हुए। स्थिति को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS KABIRDHAMNEWS KUNDATHANANEWS ABIRDHAMKUNDATHANANEWS TRAKKENICHEANESEOATIPATNIKIMAUTNEW PATIPATNIKIMAUTNEWS SADAKHADSANEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER