पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ खाद्य विभाग में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए आधा दर्जन अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार विभिन्न जिलों और संचालनालय में पदस्थ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के मुताबिक आशीष चतुर्वेदी को जशपुर से स्थानांतरित कर महासमुंद भेजा गया है, जबकि अरुण मेश्राम को राजनांदगांव से जशपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं शिवेंद्र कामठे को सरगुजा से हटाकर खाद्य संचालनालय में पदस्थ किया गया है। इसी क्रम में संचालनालय में पदस्थ देवेन्द्र बग्गा को प्रभारी खाद्य अधिकारी के रूप में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में पदस्थ किया गया है। जतिन देवांगन को एमसीबी (मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) से बस्तर भेजा गया है, जबकि सुरेश साहू को दुर्ग से दंतेवाड़ा स्थानांतरित किया गया है।
सरगुजा में नियमित अधिकारी की जगह प्रभारी व्यवस्था
तबादला आदेश का सबसे चर्चित पहलू सरगुजा जिले से जुड़ा हुआ है। सरगुजा में पदस्थ नियमित खाद्य अधिकारी शिवेंद्र कामठे को संचालनालय भेजे जाने के बाद उनकी जगह सहायक खाद्य अधिकारी (एएफओ) चित्रकांत ध्रुव को प्रभारी खाद्य अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे विभाग में एक बार फिर "प्रभार व्यवस्था" को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि सरगुजा जैसे बड़े संभागीय जिले में नियमित खाद्य अधिकारी के स्थान पर प्रभारी अधिकारी की नियुक्ति प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि विभाग की ओर से इस संबंध में कोई विशेष कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है। तबादला आदेश जारी होने के बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। विभागीय हलकों में इस बदलाव को आगामी कार्ययोजना और प्रशासनिक प्राथमिकताओं से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

User 1









