पब्लिक स्वर,बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के सिविल लाइन क्षेत्र में एक 29 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। महिला का शव घर के पीछे स्थित बाड़ी में खून से लथपथ हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले में पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतका के देवर को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 20 सिविल लाइन निवासी पुष्पा ध्रुव (29 वर्ष), पति सोमनाथ ध्रुव का शव गुरुवार को उनके घर के पीछे बाड़ी में मिला। शव के पास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से कई बार वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की वारदात से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।
संदेह के आधार पर देवर हिरासत में
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के देवर देवेंद्र ध्रुव को हिरासत में लिया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी उससे पूछताछ की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। परिजनों और पड़ोसियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।
पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केंवट ने बताया कि मृतका का शव घर की बाड़ी में खून से सनी अवस्था में मिला है। महिला के चेहरे पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने के निशान हैं। एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जो मृतका का देवर बताया जा रहा है। पुलिस पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों और आरोपी की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

User 1








