पब्लिक स्वर,रायपुर। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने मंत्रालय स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दो उप सचिव और चार अवर सचिवों के विभागों में बदलाव किया है। इस संबंध में आदेश जारी कर नई पदस्थापनाएं तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। इनमें दो राज्य प्रशासनिक सेवा (राप्रसे) तथा चार मंत्रालय संवर्ग के अधिकारी शामिल हैं।
जारी आदेश के अनुसार, उप सचिव श्रीकांत वर्मा को गृह (जेल) विभाग के प्रभार से मुक्त करते हुए उच्च शिक्षा, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उप सचिव अंकिता गर्ग को उच्च शिक्षा, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग से हटाकर गृह (जेल) विभाग में पदस्थ किया गया है। इसी प्रकार अवर सचिव स्तर पर भी विभागीय जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। धनंजय नेताम को उच्च शिक्षा विभाग से स्थानांतरित कर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग भेजा गया है, जबकि लीना राकेश को राजस्व विभाग से हटाकर उच्च शिक्षा विभाग में पदस्थ किया गया है।
वहीं संगीता भोले को महिला एवं बाल विकास विभाग से स्थानांतरित कर स्कूल शिक्षा विभाग में पदस्थ किया गया है। दूसरी ओर एन. एक्का को स्कूल शिक्षा विभाग से हटाकर महिला एवं बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विशेष बात यह है कि अवर सचिव धनंजय नेताम का करीब आठ वर्षों बाद विभाग परिवर्तन किया गया है। मंत्रालय में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय और प्रशासनिक आवश्यकताओं के मद्देनजर लिया गया निर्णय माना जा रहा है।

User 1








