पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर जिले में करीब 1740 घनमीटर रेत और दो हाईवा वाहन जब्त किए हैं। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशों के बाद चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान के तहत की गई। शासन ने अवैध खनन और परिवहन के मामलों में “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई है, जिसके चलते विभाग लगातार निगरानी और छापेमार कार्रवाई कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक, सचिव खनिज साधन विभाग और संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता तथा जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने आरंग तहसील के ग्राम कागदेही में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान समोदा-कागदेही मार्ग और आर्या पेट्रोल पंप के दक्षिण दिशा स्थित फॉरेस्ट नर्सरी के पास बड़ी मात्रा में रेत का अवैध भंडारण मिला।
जांच में सामने आया कि संबंधित स्थल पर बिना वैध अनुमति के साधारण रेत का भंडारण किया गया था, जो छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन तथा भंडारण) नियम 2009 का उल्लंघन है। इसके बाद खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई करते हुए लगभग 1740 घनमीटर रेत जब्त की गई।
दो हाईवा वाहन भी पकड़े गए
कार्रवाई के दौरान टीम ने ग्राम समोदा के पास अवैध रेत परिवहन में लगे दो हाईवा वाहनों को भी जब्त किया। दोनों वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए आरंग थाना परिसर में खड़ा कराया गया है जब्त की गई रेत को नगर पंचायत समोदा के पार्षद देवेंद्र कुमार साहू की सुपुर्दगी में दिया गया है।
ड्रोन और नाइट पेट्रोलिंग से बढ़ी निगरानी
खनिज विभाग के अनुसार प्रदेशभर में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए विभाग आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर रहा है। रात्रिकालीन गश्त, औचक निरीक्षण, संयुक्त जांच अभियान और ड्रोन सर्विलांस के जरिए संवेदनशील इलाकों पर निगरानी रखी जा रही है।
सरकार का सख्त संदेश
प्रदेश सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि अवैध खनन और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना, वाहन जब्ती और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।

User 1










