पब्लिक स्वर,महासमुंद। छत्तीसगढ़ में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज साधन विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। राज्य शासन की सख्त नीति के तहत केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने महासमुंद जिले में औचक निरीक्षण कर अवैध खनन में इस्तेमाल हो रही मशीनों और वाहनों को जब्त किया।
जानकारी के अनुसार, सचिव और संचालक के निर्देश पर 22 मई 2026 की सुबह महासमुंद जिले में संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पिथौरा तहसील के ग्राम बल्दीडीह स्थित जोंक नदी क्षेत्र में दो चैन माउंटेन मशीनें अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए पकड़ी गईं। मौके पर तीन हाईवा और चार ट्रैक्टर भी रेत परिवहन में लगे मिले।
जांच के दौरान संबंधित पक्ष किसी भी प्रकार की वैध अनुमति, अभिवहन पास या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। टीम ने पाया कि स्वीकृत रेत खदान क्षेत्र के बाहर खनन किया जा रहा था, जबकि मशीनों के माध्यम से उत्खनन और भारी वाहनों से परिवहन नियमों के विपरीत संचालित हो रहा था।
खनिज विभाग ने मौके पर ही अवैध खनन कार्य बंद कराते हुए खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत दोनों चैन माउंटेन मशीनों को जब्त कर सील कर दिया। फिलहाल मशीनों को आगामी आदेश तक खदान मुंशी के सुपुर्द किया गया है। साथ ही संबंधित खदान संचालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। इसके अलावा कार्रवाई के दौरान पकड़े गए तीन हाईवा और चार ट्रैक्टरों को भी जब्त कर साकरा थाना परिसर में पुलिस अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।
लगातार बढ़ रही सख्ती
खनिज विभाग द्वारा हाल के महीनों में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि नदियों से अवैध खनन न केवल शासन को राजस्व नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पर्यावरण और जलस्तर पर भी गंभीर प्रभाव डालता है। इसी वजह से अब मैदानी अमला लगातार निगरानी और औचक जांच कर रहा है। कार्रवाई के दौरान केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय अधिकारियों की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही।

User 1








