115 किलो से अधिक गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्करी का भंडाफोड़, राजस्थान के दो आरोपी गिरफ्तार



post

पब्लिक स्वर,कोंडागांव। कोंडागांव जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केशकाल पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए राजस्थान के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 115.214 किलोग्राम गांजा और एक महिंद्रा XUV 500 वाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 29.52 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से रायपुर की ओर एक ग्रे रंग की महिंद्रा XUV 500 (RJ 14 UF 2337) में गांजा तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर केशकाल थाना के सामने मल्टी-चेकिंग प्वाइंट (MCP) स्थापित कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। कुछ समय बाद संदिग्ध वाहन मौके पर पहुंचा। पुलिस द्वारा रोकने के संकेत देने पर चालक ने वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ने की कोशिश की। स्थिति को भांपते हुए पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पेट्रोलिंग वाहन की सहायता से घेराबंदी की और बैरिकेडिंग लगाकर कार को रोक लिया।

तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की से भूरे रंग के सेलो टेप से पैक 53 पैकेट गांजा बरामद किए गए। जब्त गांजा का कुल वजन 115.214 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 11.52 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त 18 लाख रुपये मूल्य की महिंद्रा XUV 500 भी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी सूरज सिंह राठौड़ और पंकज पुरी गोस्वामी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल ने बताया कि कोंडागांव जिले में गांजा, अवैध शराब और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ओडिशा-छत्तीसगढ़ मार्ग लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी के लिए संवेदनशील माना जाता है, जिसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने निगरानी और कार्रवाई को और तेज किया है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS KONDAGAONNEWS 115KGSEADHIKGANJAKESATHANTARRAJJIYTASKARIKABHANDAFODHNEWS ANTARJAJIYGANJATASKARIKABHANDAFODHNEWS RAJASTHANKEDOAROPIGIRAFTAARNEWS DOAROPIGIRAFTAARNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER