पब्लिक स्वर,मनेन्द्रगढ़। जनकपुर वन परिक्षेत्र के खिरकी गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व से भटककर एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में पहुंच गया और एक घर के भीतर घुस गया। तेंदुआ घर के अंदर आराम से बैठा हुआ था, जिसे देखते ही परिवार के लोग घबरा गए और जान बचाने के लिए बाहर भागे। कुछ ही देर में पूरे गांव में खबर फैल गई, जिसके बाद आसपास के लोग भी अपने घरों से निकलकर सुरक्षित जगहों पर चले गए।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी गई, ताकि तेंदुआ बाहर निकलकर किसी पर हमला न कर सके। रेस्क्यू ऑपरेशन सावधानी से शुरू किया गया। टीम ने कई घंटे तक मशक्कत करते हुए तेंदुए को काबू में किया और सुरक्षित तरीके से घर के अंदर से बाहर निकाला। इस दौरान पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए को रेस्क्यू करने के बाद उसे सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। साथ ही, गांव और आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ाने की बात कही गई है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाए और समय-समय पर जानकारी दी जाए, जिससे वे सतर्क रह सकें और इस तरह के खतरे से बच सकें।

User 1









