पब्लिक स्वर,जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के नैला चौकी क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद से परेशान एक युवक ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ जहर सेवन कर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान रमेश कुमार पटेल (35 वर्ष), आदर्श पटेल (3 वर्ष) और अभिनव पटेल (करीब 2 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमेश कुमार पटेल का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद के बाद उसकी पत्नी करीब एक सप्ताह पहले अपने मायके चली गई थी। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को रमेश अपनी पत्नी को वापस लाने उसके मायके गया था, लेकिन पत्नी ने घर लौटने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह अकेले अपने घर वापस आ गया।
बुधवार सुबह रमेश के पिता कटनाई गांव धान कुटवाने गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि उनके बेटे और दोनों पोते घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही वे तत्काल घर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही नैला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को बरामद कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि रमेश ने पहले अपने दोनों बच्चों को जहर दिया और बाद में स्वयं भी जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया।
पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। दो मासूम बच्चों सहित एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से हर कोई स्तब्ध है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

User 1








