पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में मंगलवार रात चाकू की नोक पर 10 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने एक ठेकेदार के अकाउंटेंट को निशाना बनाते हुए नकदी से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सागर डेहरिया एक ठेकेदार के यहां अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत हैं। मंगलवार रात वह सेरीखेड़ी से नया रायपुर की ओर जा रहे थे। उनके पास ठेके से संबंधित भुगतान और अन्य कार्यों के लिए करीब 10 लाख रुपये नकद मौजूद थे।
सुनसान सड़क पर बनाया निशाना
बताया जा रहा है कि रास्ते में बाइक सवार कुछ बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के एक अपेक्षाकृत सुनसान मार्ग पर आरोपियों ने उनकी बाइक रुकवाई। इसके बाद चाकू दिखाकर उन्हें धमकाया और नकदी से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की है। आरोपियों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही शहर और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस को अंदरूनी जानकारी का शक
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि लुटेरों को नकदी ले जाने की जानकारी पहले से थी। जिस तरह से आरोपियों ने पीड़ित का पीछा किया और सुनसान स्थान पर वारदात को अंजाम दिया, उससे यह संभावना भी जताई जा रही है कि उन्हें किसी माध्यम से पहले ही रकम की जानकारी मिल गई थी। इसी वजह से पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं इस घटना में किसी परिचित या अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। जांच टीम पीड़ित और उससे जुड़े लोगों से पूछताछ कर विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही है।

User 1








