पब्लिक स्वर,बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के काटगी गांव में अवैध शराब के खिलाफ आवाज उठाने वाले ग्रामीणों को हथियार दिखाकर धमकाने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद नाराज बाप-बेटे ने गांव में घुसकर न सिर्फ दहशत फैलाई, बल्कि एक ग्रामीण की पिटाई भी कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, गांव में एक दिन पहले हुई जनसुनवाई के दौरान महिला कमांडो और ग्रामीणों ने भागवत थवई और उसके पिता संतोष थवई के खिलाफ अवैध शराब बेचने की शिकायत की थी। ग्रामीणों का आरोप था कि दोनों लंबे समय से गांव में अवैध शराब का कारोबार चला रहे हैं, जिससे गांव का माहौल बिगड़ रहा है।
शिकायत से नाराज होकर मंगलवार रात करीब 10 बजे भागवत थवई और संतोष थवई गांव में हथियार लेकर पहुंचे। दोनों ने गांव की गलियों में घूम-घूमकर ग्रामीणों को धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने लोगों को शिकायत वापस लेने की चेतावनी दी और डराने के लिए हथियार भी लहराए।
इसी दौरान दोनों ने एक ग्रामीण की पिटाई कर दी, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट हो गए और बाप-बेटे का पीछा करने लगे। ग्रामीणों को अपनी ओर बढ़ता देख भागवत थवई मौके से फरार हो गया, लेकिन उसके पिता संतोष थवई ग्रामीणों के हाथ लग गए। गुस्साए ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अभिषेक सिंह कसडोल, पलारी और भाटापारा सहित आसपास के थानों की पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात को संभालते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया और गांव में शांति बहाल कराई। पुलिस के मुताबिक भागवत थवई आदतन बदमाश है और उसके खिलाफ पहले भी कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। इस बार उसने अपने पिता के साथ मिलकर शिकायत करने वाले ग्रामीणों को डराने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। फरार भागवत थवई की तलाश जारी है।

User 1










