पब्लिक स्वर,बेमेतरा। बेमेतरा जिले के कलेक्ट्रेट कार्यालय में गुरुवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एसडीएम प्रकाश भारद्वाज के चैंबर की फॉल सीलिंग अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। घटना के बाद दफ्तर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे के समय चैंबर के भीतर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, घटना देर शाम की बताई जा रही है। जब कुछ कर्मचारी वापस कार्यालय पहुंचे तो उन्होंने एसडीएम चैंबर की पूरी फॉल सीलिंग जमीन पर गिरी हुई देखी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया।
बताया जा रहा है कि हाल ही में कार्यालय में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा रिनोवेशन का कार्य कराया गया था। ऐसे में सीलिंग गिरने की घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच भी निर्माण में लापरवाही को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली जा रही है। घटना के बाद जिम्मेदार एजेंसी और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर जवाबदेही तय किए जाने की मांग उठने लगी है।

User 1











