बुलडोजर कार्रवाई के बाद हाईटेंशन टावर पर चढ़ा बुजुर्ग, समझाने का प्रयास जारी



post

पब्लिक स्वर,रायपुर/धरसींवा। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सारागांव में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बुजुर्ग ग्रामीण हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। बताया जा रहा है कि प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में उसका मकान तोड़े जाने के बाद वह बेहद आहत था। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को समझाने की कोशिश शुरू की गई।

जानकारी के मुताबिक, सारागांव निवासी कालिया साहू अपने परिवार के साथ वर्षों से एक मकान में रह रहे थे। परिवार खेती और मजदूरी कर गुजर-बसर करता है। ग्रामीणों का कहना है कि बुलडोजर कार्रवाई के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। घर टूटने के बाद परिवार के छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सड़क पर आ गए, जिससे इलाके में भावनात्मक माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कालिया साहू ने न्याय की मांग को लेकर कई स्तर पर गुहार लगाई, लेकिन जब कहीं से राहत नहीं मिली तो उन्होंने विरोध के तौर पर हाईटेंशन टावर पर चढ़कर आत्महत्या की चेतावनी दे दी। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस जवान काफी देर तक उन्हें नीचे उतारने की कोशिश करते रहे।


सारागांव के नायब तहसीलदार ने बताया कि संबंधित जमीन पर अतिक्रमण किया गया था। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार बेदखली की प्रक्रिया अपनाई गई थी। उन्होंने कहा कि करीब सात डिसमिल जमीन पर कब्जा होने की पुष्टि के बाद नोटिस जारी किया गया था।

अधिकारी के मुताबिक, पीड़ित पक्ष ने बेदखली आदेश के खिलाफ अपील भी दायर की थी, लेकिन अपील खारिज होने के बाद ग्राम पंचायत के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। नायब तहसीलदार ने यह भी कहा कि परिवार का एक अन्य मकान भी अतिक्रमण की जद में है, हालांकि उसकी शिकायत नहीं मिलने के कारण उस पर फिलहाल कार्रवाई नहीं की गई।

कई सवाल भी खड़े हुए

घटना के बाद प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि परिवार लंबे समय से वहां रह रहा था, तो पुनर्वास या वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विचार किया जाना चाहिए था। वहीं प्रशासन का तर्क है कि कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन बुजुर्ग को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटा है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAYPURNEWS DHARSIVANNEWS RAIPURDHARSHIVANNEWS BULFOZERKARVAIKEBAADHIGHTENSIONYOWERPARCHAFHABUJURGNEWS HIGHTENSANTAWARPARCHADHABUJURGNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER