पब्लिक स्वर,बस्तर। बस्तर जिले के करपावंड गांव में जमीन की नापजोख और कब्जा दिलाने की कार्रवाई के दौरान विवाद हिंसक हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने जमीन मालिक, जमीन बेचने वाले व्यक्ति और राजस्व निरीक्षक (आरआई) के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, शेराराम चौधरी ने मदन निषाद से लगभग 10 एकड़ 10 डिसमिल जमीन खरीदी थी। इस जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामला अदालत तक पहुंचा, जहां फैसला शेराराम चौधरी के पक्ष में आया। न्यायालय के आदेश के बाद राजस्व विभाग की टीम जमीन की नापजोख कर कब्जा दिलाने के लिए करपावंड गांव पहुंची थी।
राजस्व अधिकारियों का कहना है कि पूरी कार्रवाई अदालत के आदेश और सरकारी रिकॉर्ड के आधार पर की जा रही थी। अधिकारियों के मुताबिक कुछ लोगों ने ग्रामीणों को भड़काया, जिसके बाद माहौल बिगड़ गया और मारपीट की घटना हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
वहीं ग्रामीणों और ग्राम सरपंच ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जिस सरकारी नक्शे के आधार पर नापजोख की जा रही थी, वह वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाता। ग्रामीणों का आरोप है कि रिकॉर्ड और नक्शे में त्रुटियों को पहले सुधारा जाना चाहिए था, उसके बाद ही कब्जा दिलाने की प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए थी।
घटना के बाद गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पुलिस की मौजूदगी में गांव में शांति बनाए रखने के प्रयास जारी हैं, जबकि जमीन विवाद को लेकर जांच और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

User 1









