पब्लिक स्वर,दुर्ग। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत सेलूद गांव में भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता और पूर्व उपसरपंच तारेंद्र बंछोर (50 वर्ष) का शव मंदिर परिसर में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, तारेंद्र बंछोर सेलूद गांव के निवासी थे और भाजपा से लंबे समय से जुड़े हुए थे। वे पूर्व में गांव के उपसरपंच भी रह चुके थे तथा सांसद विजय बघेल के समर्थकों में गिने जाते थे। ग्रामीणों ने सोमवार सुबह बाजार चौक स्थित चारबांधा तालाब के पास मंदिर परिसर में चंपा के पेड़ पर उनका शव लटकता देखा। इसके बाद तत्काल उतई पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिसके कारण आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों के अनुसार, जिस मंदिर परिसर में यह घटना हुई, उसका निर्माण तारेंद्र बंछोर ने अपने कार्यकाल के दौरान कराया था। वहीं जिस चंपा के पेड़ पर उनका शव मिला, वह पेड़ भी उन्होंने ही वर्षों पहले लगाया था। इस वजह से घटना ने लोगों को और अधिक भावुक कर दिया है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले तारेंद्र बंछोर की तबीयत खराब हो गई थी, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर वे घर लौट आए थे। हालांकि उनकी मौत का स्वास्थ्य संबंधी कारणों से कोई संबंध है या नहीं, यह जांच का विषय है। उतई पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों से पूछताछ कर विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

User 1











