जगदलपुर में सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर बड़ी कार्रवाई, एक लाख रुपये की प्रतिबंधित सामग्री जब्त



post

पब्लिक स्वर,जगदलपुर। स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से जगदलपुर नगर निगम ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। निगम की टीम ने शहर की दो दुकानों पर छापेमारी कर करीब एक लाख रुपये मूल्य की प्रतिबंधित डिस्पोजल सामग्री जब्त की है। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर दोनों दुकानदारों पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

नगर निगम को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर अधिकारियों की टीम ने शहर के दो अलग-अलग व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में जांच की। निरीक्षण के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित वन-टाइम यूज़ प्लास्टिक डिस्पोजल सामग्री मिली। कार्रवाई के दौरान कुल 14 कार्टन प्लास्टिक उत्पाद जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है। निगम अधिकारियों ने जब्त सामग्री को अपने कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

लगातार जारी है अभियान

नगर निगम सभापति लक्ष्मण झा ने बताया कि शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए निगम लगातार अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाइयां की जा चुकी हैं और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उत्पादन, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

जनता से सहयोग की अपील

निगम सभापति ने आम नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को वन-टाइम यूज़ प्लास्टिक की खरीद-बिक्री या भंडारण की जानकारी मिले तो इसकी सूचना नगर निगम को दें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS JAGDALPURNEWS BASTARNEWS SINGALUSEPLASTICNEWS SINGALUSEPLASTICPARBADIKARRVAINEWS 1LAKHKISAMAGRIJABTNEWS

You might also like!