पब्लिक स्वर,मनेन्द्रगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सामने विधायक की कार्यशैली पर सवाल उठाना भाजयुमो नेता को भारी पड़ गया। भाजपा कोरिया जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी ने भाजयुमो जिला महामंत्री मनोज साहू को कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिनों के भीतर लिखित जवाब मांगा है।
दरअसल, 21 मई को ग्राम कुशहा में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंच पर मौजूद थे। इसी दौरान भाजयुमो जिला महामंत्री मनोज साहू ने सार्वजनिक रूप से कहा कि “माननीय विधायक का सोनहत क्षेत्र में भ्रमण नहीं होता है।” कार्यक्रम में दिए गए इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई।
मामले को लेकर जब प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इसे पार्टी का आंतरिक विषय बताते हुए कहा कि “यह पार्टी का मामला है, सुशासन तिहार का विषय नहीं है।”
मुख्यमंत्री के बयान के बाद संगठन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी द्वारा जारी नोटिस में मनोज साहू से पूछा गया है कि पार्टी मंच और सार्वजनिक कार्यक्रम में इस तरह का बयान क्यों दिया गया। साथ ही उन्हें 7 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इस घटनाक्रम के बाद जिले की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। संगठनात्मक अनुशासन को लेकर भाजपा अब सख्त रुख अपनाती नजर आ रही है।

User 1









