पब्लिक स्वर,बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के ग्राम अमेरा में शनिवार सुबह एक 80 वर्षीय बुजुर्ग द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान कार्तिक साहू के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल है, क्योंकि आत्महत्या से पहले बुजुर्ग ने जिस तरह धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल किया, उसने लोगों को हैरान कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, कार्तिक साहू पिछले करीब 15 दिनों से घर में अकेले रह रहे थे। शनिवार सुबह वह अपने घर से करीब 200 मीटर दूर खेत की ओर एक सीढ़ी लेकर गए। वहां उन्होंने एक पेड़ पर लगभग 15 फीट की ऊंचाई पर रस्सी बांधी और फांसी लगा ली।
ग्रामीणों के मुताबिक, आत्महत्या से पहले बुजुर्ग ने तुलसी का पत्ता खाया था और अपने सिर पर भी तुलसी का पत्ता बांधा हुआ था। सुबह जब गांव के लोगों ने उन्हें पेड़ पर फंदे से झूलते देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई की। शव के सिर पर तुलसी का पत्ता बंधा हुआ मिला, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि बुजुर्ग ने आत्महत्या से पहले किसी धार्मिक या मानसिक स्थिति के तहत यह कदम उठाया होगा। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, कार्तिक साहू शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। अकेलेपन, मानसिक तनाव या अन्य किसी व्यक्तिगत कारण की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस परिजनों और गांव के लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर बुजुर्ग ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।

User 1










