अमित शाह ने डायल-112 के 400 नए वाहनों को दिखाई हरी झंडी दिखाकर किया रवाना



post

पब्लिक स्वर,रायपुर/जगदलपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रविवार रात रायपुर पहुंचे। सोमवार सुबह उन्होंने रायपुर के माना स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (PTS) में डायल-112 सेवा के लिए 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही प्रदेश में पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम के बाद अमित शाह सीधे बस्तर के लिए रवाना हो गए। वे सुबह जगदलपुर के दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से बीएसएफ हेलीकॉप्टर के जरिए नेतानार जाएंगे। यहां वे जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद अमर वाटिका पहुंचकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

पूरे प्रदेश में लागू होगी डायल-112 सेवा

राज्य सरकार के मुताबिक अब तक 16 जिलों तक सीमित डायल-112 सेवा का विस्तार पूरे छत्तीसगढ़ में किया जा रहा है। डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि सभी थानों को इस सेवा से जोड़ा जाएगा, ताकि आपातकालीन स्थिति में पुलिस सहायता तेजी से लोगों तक पहुंच सके।

इस दौरान प्रदेश के सभी 33 जिलों के लिए आधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स भी रवाना की जाएंगी। इन वाहनों में अत्याधुनिक जांच उपकरण लगाए गए हैं, जिनकी मदद से घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच की जा सकेगी। इससे अपराधों की विवेचना में तेजी आने और जांच की गुणवत्ता बेहतर होने की उम्मीद है।

नेतानार में शुरू होगा जन सुविधा केंद्र

अमित शाह दोपहर करीब 12:20 बजे बस्तर जिले के नेतानार पहुंचेंगे। यहां वे जन सुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे। सरकार का दावा है कि यह केंद्र स्थानीय ग्रामीणों को प्रशासनिक और सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में सुरक्षा कैंपों को अब सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा और इसकी शुरुआत नेतानार से हो रही है। उन्होंने दावा किया कि बस्तर अब पूरी तरह नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है।

अमर वाटिका में शहीदों को श्रद्धांजलि

नेतानार कार्यक्रम के बाद अमित शाह जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचेंगे, जहां नक्सल विरोधी अभियानों में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देंगे। इस कार्यक्रम को सुरक्षाबलों के मनोबल से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

विकास और सुरक्षा पर होगी समीक्षा बैठक

इसके बाद शाह जगदलपुर में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। बादल अकादमी में होने वाली इस समीक्षा बैठक में बस्तर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, सुरक्षा अभियानों और जनकल्याण योजनाओं पर चर्चा होगी। होटल ग्रैंड एम्बिशन में विभिन्न विभागों द्वारा प्रेजेंटेशन भी दिए जाएंगे। इनमें सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, कनेक्टिविटी, सुरक्षा और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात, लोक संस्कृति कार्यक्रम में होंगे शामिल

शाम को अमित शाह भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे ‘बस्तर के संग’ नाम से आयोजित लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में बस्तर की पारंपरिक कला, लोकनृत्य और संस्कृति की प्रस्तुति दी जाएगी। शाह जगदलपुर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।

कल होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक

19 मई को जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इसमें छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री व वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, क्षेत्रीय विकास, सुरक्षा व्यवस्था, नक्सल प्रभावित इलाकों की स्थिति और प्रशासनिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

कांग्रेस ने उठाए सवाल

अमित शाह के दौरे और परिषद बैठक को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि बैठक वर्चुअल माध्यम से भी हो सकती थी। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों से विशेष विमानों के जरिए नेताओं के आने से लाखों रुपए खर्च होंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद दिल्ली रवाना होंगे शाह

बैठक के बाद अमित शाह प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जिसमें सुरक्षा और विकास से जुड़े फैसलों की जानकारी साझा की जा सकती है। इसके बाद वे शाम को विशेष विमान से दिल्ली रवाना होंगे।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS AMITSAHNEDIAL112KEVAHANOKODIKHAIHARIJHANFINEWS 112KE400SEADHIKVAHNOKOHARIJHANDINEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER