पब्लिक स्वर,बालोद। बालोद जिले में एक प्रेम प्रसंग का दुखद अंत सामने आया है। शादी के महज 45 दिन बाद एक नवविवाहिता अपने प्रेमी के साथ ससुराल से फरार हो गई। रेलवे ट्रैक पर दोनों के बीच विवाह को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद प्रेमी ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। उसे बचाने की कोशिश में युवती भी ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में जारी है।
मामला बालोद थाना क्षेत्र का है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों की पहचान करीब ढाई साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और संपर्क लगातार बना रहा। मृतक युवक भी शादीशुदा था और उसकी एक बेटी है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
जानकारी के अनुसार, कांकेर जिले के ग्राम कोरतरा निवासी मोनिका खरे (23) का विवाह 22 अप्रैल 2026 को बालोद जिले के ग्राम परसोदा (जगन्नाथपुर) निवासी टीकम कुमार खरे से हुआ था। शादी के करीब 45 दिन बाद शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे मोनिका अपने प्रेमी मिथलेश ठाकुर (28) के साथ घर से निकल गई। मिथलेश ग्राम भीमपुरी (डौंडीलोहारा) का निवासी था। दोनों बाइक से करीब 20 किलोमीटर दूर ग्राम दैहान स्थित रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे, जहां देर रात तक बातचीत और विवाद होता रहा।
शादी का दबाव बना रहा था प्रेमी
पुलिस के मुताबिक, मिथलेश मोनिका पर विवाह कर उसके साथ रहने का दबाव बना रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई। बताया जा रहा है कि मोनिका उसे रेलवे पटरी से दूर ले गई थी, लेकिन कुछ देर बाद वह दोबारा पटरी पर जाकर बैठ गया। जब ट्रेन करीब पहुंची तो मोनिका लगातार उसे वहां से हटने के लिए कहती रही, लेकिन वह नहीं माना। घबराई युवती ने उसे खींचकर बचाने की कोशिश की, तभी दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में मिथलेश के सिर पर गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोनिका गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल युवती ने डायल-112 को दी सूचना
घटना के बाद घायल अवस्था में मोनिका ने किसी तरह डायल-112 पर फोन कर हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक वह बेहोश हो चुकी थी। पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद राजनांदगांव रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
पत्नी के गायब होने पर पति ने शुरू की तलाश
मोनिका के पति टीकम कुमार खरे ने बताया कि शनिवार तड़के करीब 2:30 बजे उनकी नींद खुली तो पत्नी घर में नहीं मिली। पहले उन्होंने सोचा कि वह आसपास कहीं गई होगी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों के साथ तलाश शुरू की गई। करीब 3 बजे पत्नी से फोन पर बात हुई, जिसमें उसने रेलवे ट्रैक पर हादसा होने की जानकारी दी। बाद में पुलिस से सूचना मिलने पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे।
प्रेमी था शादीशुदा, एक बेटी का पिता
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। मृतक मिथलेश शादीशुदा था और उसकी एक बेटी भी है। वह पहले डौंडीलोहारा क्षेत्र में हाईवा चालक के रूप में काम करता था। करीब एक माह पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी और इन दिनों ट्रैक्टर चला रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में रिश्तेदारों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

User 1










