अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 16 टन कबाड़ और 4 वाहन जब्त



post

पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 16 टन लोहे का कबाड़ और चार वाहन जब्त किए हैं। जब्त कबाड़ और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 13 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस को आशंका है कि बरामद कबाड़ चोरी या अवैध स्रोतों से एकत्र किया गया हो सकता है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक और नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत उरगा और कुसमुंडा थाना क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई।

बंद परिसर में छापा, भारी मात्रा में कबाड़ बरामद

थाना उरगा प्रभारी निरीक्षक नवीन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम कसडोल स्थित एक बंद परिसर में दबिश दी। पंचों की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में लोहे का कबाड़ बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एक माजदा डीआरएस पिकअप, एक 407 ट्रक और एक अन्य ट्रक में लदा करीब 14 टन लोहे का कबाड़ जब्त किया। इसके अलावा बाइक के कटे हुए पार्ट्स भी बरामद किए गए। तीनों वाहनों को कब्जे में लेते हुए कबाड़ समेत कुल सामग्री की कीमत लगभग 12.60 लाख रुपये आंकी गई है।

कुसमुंडा में लावारिस पिकअप से मिला 2 टन कबाड़

इसी बीच 7 जून को थाना कुसमुंडा पुलिस को वैशालीनगर जरहाझेल 06 नंबर बैरियर मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन खड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन क्रमांक CG-10-E-8576 की जांच की। तलाशी के दौरान पिकअप में लोहे की जाली, पाइप, रोलर और अन्य स्क्रैप सामग्री सहित करीब 2 टन लोहे का कबाड़ भरा मिला। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

वैध दस्तावेज नहीं मिले, पुलिस ने किया जब्त

प्रारंभिक जांच में बरामद कबाड़ संदिग्ध और लावारिस प्रकृति का पाया गया। पुलिस के अनुसार मौके पर मौजूद संबंधित व्यक्तियों द्वारा कबाड़ और वाहनों के स्वामित्व संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।इसके बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत समस्त कबाड़ और वाहनों को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की है।

कबाड़ के स्रोत और नेटवर्क की जांच शुरू

उरगा और कुसमुंडा थाना क्षेत्रों में हुई संयुक्त कार्रवाई में कुल 16 टन लोहे का कबाड़ और चार वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस अब कबाड़ के वास्तविक स्रोत, संभावित चोरी की घटनाओं और इस कारोबार से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि जिले में कबाड़ चोरी, अवैध परिवहन और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS KORBANEWS AVIDHKABADKAROBARNEWS AVIDHKABADHKAROBARPAPRPOLICEKASHIKANJANEWS 16TANLOHEKAKABADJABTNEWS 16TANKABADKESATHVAHANJABTNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER