पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां देर रात बोलेरो सवार युवकों ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि युवकों ने पहले कुछ लोगों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की और फिर एक युवक को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद बोलेरो का पीछा कर रहे एक युवक का कथित तौर पर अपहरण कर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र अंतर्गत बुधवारी बाईपास से बलगी मार्ग तक शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच बोलेरो सवार युवकों और दूसरे पक्ष के युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने कुछ युवकों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया।
इसी दौरान चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू नामक युवक को बोलेरो से टक्कर मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि घायल चंद्रमणि रात्रे जिला पुलिस बल में पदस्थ एएसआई रामनारायण रात्रे का पुत्र है। घटना के बाद उसके साथी अरविंद राठौर और साहिल निर्मलकर स्कूटी से बोलेरो का पीछा करने निकले।
आरोप है कि इस दौरान बोलेरो सवार युवकों ने अरविंद राठौर को पकड़ लिया और जबरन वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद करीब 25 से 30 युवकों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। मारपीट के बाद आरोपी उसे अधमरी हालत में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।
कुछ समय बाद राहगीरों की नजर घायल युवक पर पड़ी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और क्षेत्र में दहशत का माहौल है।मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

User 1









